देहरादून: भाजपा नेता के ड्राइवर को पड़ा थप्पड़।
खबर देहरादून से है जहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर पार्टी की अहम बैठक हुई. बैठक में सांसदों, विधायकों और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने के कारण भाजपा मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में वाहनों का जमावड़ा लग गया. इनोवा, थार समेत कई बड़ी गाड़ियां सड़क किनारे और मुख्यालय के आसपास खड़ी होने से इलाके में जाम की स्थिति बन गई.
इसी दौरान भाजपा मुख्यालय से सटे घर में रहने वाला एक व्यक्ति गुस्से में मुख्यालय के गेट पर पहुंच गया. उसने पार्किंग व्यवस्था को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से नाराजगी जताई. उनका कहना था कि आम लोगों की गाड़ी सड़क पर खड़ी होने पर तत्काल चालान कर दिया जाता है, लेकिन भाजपा मुख्यालय में बड़ी बैठक होने के कारण सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े हैं और व्यवस्था संभालने वाला कोई नहीं है.
मामला उस वक्त ज्यादा बिगड़ गया जब भाजपा के एक प्रदेश मंत्री की इनोवा क्रिस्टा गाड़ी पड़ोसी के घर के मुख्य गेट के ठीक बाहर खड़ी मिली. पड़ोसी के मुताबिक वह करीब एक घंटे से वाहन के ड्राइवर को तलाश रहे थे. गाड़ी उनके घर के प्रवेश द्वार के सामने खड़ी होने के कारण उन्हें आने-जाने में परेशानी हो रही थी. इसी बीच भाजपा नेता का ड्राइवर जब अपनी गाड़ी के पास पहुंचा तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए पड़ोसी ने ड्राइवर को थप्पड़ जड़ दिया.
Dehradun, Dehradun | Aug 18, 2026