शिवाला | ग्राम पंचायत शिवाला के मोक्षधाम में समतलीकरण, पौधा रोपण,रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण के कार्य से बदली परिसर की तस्वीर
शिवाला। ग्राम पंचायत शिवाला के मोक्षधाम को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में जनसहयोग से विभिन्न कार्य करवाए गए हैं। मोक्षधाम परिसर में समतलीकरण, साफ-सफाई, पोताई एवं रंगाई-पुताई के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जीवन-मृत्यु से जुड़े प्रेरक स्लोगन भी लिखवाए गए हैं। इससे मोक्षधाम का परिसर पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नजर आने लगा है।
ग्राम संसद शिवाला के अध्यक्ष सुबह सिंह सैमाड़ा के नेतृत्व एवं सहयोग से मोक्षधाम परिसर में समतलीकरण तथा पोताई-रंगाई का कार्य करवाया गया। परिसर की दीवारों एवं स्तंभों पर “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है”, “प्रदूषण हटाओ, पर्यावरण बचाओ” सहित विभिन्न जनजागरूकता संदेश लिखवाए गए हैं। वहीं मोक्षधाम के प्रवेश द्वार को भी आकर्षक रूप दिया गया है।
36 कुर्सियों का ग्रामीणों एवं युवाओं ने किया सहयोग
मोक्षधाम परिसर में आने वाले ग्रामीणों एवं अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए 36 कुर्सियों का सहयोग भी किया गया। इन कुर्सियों के लिए गांव के कर्मचारियों, ग्रामीणों एवं युवा साथियों सहित समाज के लोगों ने मिलकर सहयोग किया। कुर्सियों पर भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश लिखे गए हैं।
मोक्षधाम परिसर में पौधारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधे भी लगाए गए हैं। परिसर में पहले से मौजूद पेड़ों के साथ नए पौधों की देखभाल पर भी युवा टीम द्वारा जोर दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का केंद्र भी बनना चाहिए। मोक्ष धाम में स्वर्ग वाटिका नाम से उद्यान बनाया है।
ग्राम संसद शिवाला के अध्यक्ष सुबह सिंह सैमाड़ा ने कहा कि मोक्षधाम को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने का कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज के सहयोग से संभव हुआ है। आगे भी आवश्यकता के अनुसार यहां सुविधाओं का विस्तार करने तथा परिसर को हरा-भरा बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। इस अभियान में कुर्सी लगवाने में सर्व समाज का सर्व समाज का सहयोग रहा।
Gangapur, Sawai Madhopur | Oct 5, 2026