नशामुक्त भारत अभियान के तहत काकनवानी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गीत, रैली, शपथ एवं नारों के माध्यम से बालिकाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय काकनवानी, विकासखंड थांदला में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को समझाया गया कि शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। शराब के सेवन से परिवार की आय का बड़ा हिस्सा व्यर्थ होने के साथ अनेक गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी प्रकार गुटखा एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
बालिकाओं को गीत, जागरूकता रैली, शपथ एवं नारों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया गया तथा उन्हें अपने घर जाकर माता-पिता, भाई एवं परिवार के अन्य सदस्यों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान “छोड़ो नशा और शराब, न करो जीवन बर्बाद” तथा “बुरी संगति से नाता तोड़ो, नशे की लत को जल्दी छोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एच.एम. श्री बनार्ड कटारा, श्री सितु भूरिया, श्रीमती कमला भूरिया, श्री बिजू डामोर एवं प्राथमिक विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से श्रीमती कुसुम भूरिया एवं श्रीमती सुमन सलाम ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर सहयोग प्रदान किया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026