भगत सिंह जयंती के अवसर पर AIDSO ने गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित किया ओपन माइक कार्यक्रम, यूनिवर्सिटी कमेटी का गठन
शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आज ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) की ओर से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में ओपन माइक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने कविता, गीत, विचार एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति रखी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच भगत सिंह के विचारों, उनकी वैज्ञानिक दृष्टि और समाज को बेहतर बनाने के उनके सपने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने कहा कि आज के समय में भगत सिंह के विचारों को केवल याद करने के बजाय उन्हें समझना और छात्र-युवा जीवन में उन पर चर्चा करना आवश्यक है।इसी अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय में AIDSO की यूनिवर्सिटी कमेटी का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर प्रिया उपाध्यक्ष तन्मय, शंभू सचिव निशा व सहसचिव पर ऋतुराज, पारस, मुस्कान सहित तीस सदस्य शामिल हैं। AIDSO का मानना है कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्क, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक चेतना के विकास का केंद्र होना चाहिए। नई यूनिवर्सिटी कमेटी विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक शिक्षा के लिए तथा एक बेहतर अकादमिक और लोकतांत्रिक वातावरण के निर्माण के लिए विद्यार्थियों के बीच लगातार काम करेगी। कमेटी विश्वविद्यालय के छात्रों की शैक्षणिक एवं अन्य छात्र समस्याओं को उठाने के साथ-साथ कैंपस में स्वस्थ अकादमिक बहस, सांस्कृतिक गतिविधियों और लोकतांत्रिक छात्र भागीदारी को बढ़ावा देने का कार्य करेगी। AIDSO ने कहा कि भगत सिंह की जयंती पर गठित यह यूनिवर्सिटी कमेटी विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक सोच, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने तथा विश्वविद्यालय में एक बेहतर अकादमिक एवं लोकतांत्रिक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करेगी।
Parliament Street, New Delhi | Sep 28, 2026