
#Dalsinghsarai:गाछी में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, आंख के पास चोट और शरीर पर कटे के निशान;हत्या की आशंका
#दलसिंहसराय अनुमंडल के #विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र की बढ़ौना पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मधुवन टोल में शनिवार सुबह 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव फुलवंतो स्थान के आगे पूर्व मटखनमा गाछी में मिला।सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीण की नजर शव पर पड़ी। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग और बच्चे के परिजनों मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान बढ़ौना पंचायत के वार्ड संख्या-3 निवासी मंटू साह के पुत्र सुधीर कुमार (10) के रूप में हुई है।सुधीर शुक्रवार रात करीब नौ बजे स्थानीय चौक स्थित आटा चक्की के समीप देखा गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। सुबह गाछी में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। शरीर पर कई जगहों पर चोट और कटे के निशान मिलने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को गाछी में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट समेत अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई।