
सहोदया स्कूल कॉम्पलेक्स की आम सभा में शिक्षा की गुणवत्ता पर मंथन
👇👇👇👇👇👇👇
चिन्मय विद्यालय बोकारो में सोमवार को डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्पलेक्स बोकारो की आम सभा की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिले के प्रमुख विद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य व उप प्राचार्य शामिल हुए। बैठक में सहोदया बोकारो के अध्यक्ष व चिन्मय विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, उपाध्यक्ष बीके सिंह, उपाध्यक्ष व द ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. आमिर हुसैन, संयुक्त सचिव व माउंट सिओन स्कूल की प्राचार्या डॉ. रीना ठाकुर, कोषाध्यक्ष व एमजीएम स्कूल के प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस तथा कार्यकारी सदस्य व डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एसके मिश्रा मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसे चिन्मय विद्यालय के संगीत विभाग के शिक्षकों ने प्रस्तुत किया। स्वागत संबोधन के साथ सूरज शर्मा ने चर्चा की शुरुआत की। बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने बोकारो जिले में शिक्षा के स्तर व आवश्यक मानकों पर अपने विचार रखे। इन विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में रेनबो पब्लिक स्कूल, बोकारो पब्लिक स्कूल, सेंट पॉल मॉडर्न स्कूल, लोयोला स्कूल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
सूरज शर्मा ने कहा कि बोकारो जिले में शिक्षा के स्तर को और ऊंचाई तक ले जाने की आवश्यकता है। इसके लिए सहोदया स्कूल कॉम्पलेक्स के सभी सदस्य एक मंच पर आकर चर्चा व विचार-विमर्श कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर ज्ञान व उज्ज्वल भविष्य देना होना चाहिए। अंत में उन्होंने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए बेहतर परिणामों के लिए शुभकामनाएं दीं।
Chas, Bokaro | Jul 28, 2026