
चंडीगढ़ में वीआईपी और फैंसी वाहन नंबरों को लेकर लोगों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। यूटी चंडीगढ़ की रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA) की ओर से आयोजित ई-नीलामी में इस बार ‘0003’ नंबर सबसे महंगा बिककर चर्चा में आ गया। तीन दिन तक चली ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में इस नंबर के लिए 37.63 लाख रुपये की बोली लगी, जबकि ‘0001’ नंबर 23.55 लाख रुपये में बिका।
इस ई-ऑक्शन में कुल 683 रजिस्ट्रेशन नंबरों की सफल बोली लगी। फैंसी नंबरों की इस नीलामी से चंडीगढ़ प्रशासन को 4.13 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ। वाहन मालिकों में खास नंबरों को खरीदने की होड़ देखने को मिली।
मार्च 2026 में CH01-DD-0001 नंबर ने रिकॉर्ड बनाया था, जो 53.88 लाख रुपये में बिका था। यह अब तक का सबसे महंगा वाहन नंबर माना जा रहा है। उस समय यह नंबर फॉर्च्यूनर लेजेंडर गाड़ी के लिए खरीदा गया था, जिसकी कीमत भी करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी।
फैंसी नंबरों की नीलामी में हिस्सा लेने के लिए वाहन मालिकों को पहले रजिस्ट्रेशन फीस और रिजर्व प्राइस जमा करवाना होता है। ‘0001’ नंबर के लिए रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपये तय किया गया था, जबकि ‘0002’ से ‘0009’ तक के नंबरों के लिए 1 लाख रुपये एडवांस रखा गया। इसके बाद तीन दिनों तक ऑनलाइन बोली लगाई गई।
#Chandigarh #FancyNumber #VIPNumber #CarNews