
जनसुनवाई में डीएम राजेश कुमार पाण्डेय का सख्त रुख, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
जितेंद्र गुप्ता ✍️। उरई
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक-एक प्रार्थना पत्र का स्वयं अवलोकन करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, विकास, समाज कल्याण, पेयजल, सड़क, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए, जबकि स्थलीय जांच वाले प्रकरणों में समयबद्ध जांच पूरी कर शिकायतकर्ताओं को नियमानुसार राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
#orai #जालौन #jalaun #dmjalaun #up92
Orai, Jalaun | Jul 14, 2026