
वन विभाग की 24×7 सतर्कता से फलोदी टोडरा क्षेत्र से दो तेंदुओं का सफल रेस्क्यू
सवाई माधोपुर, दिनांक 17 जुलाई।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं लगातार 24×7 निगरानी के परिणामस्वरूप फलोदी टोडरा क्षेत्र में लगातार हो रही तेंदुओं की आवाजाही के बीच दो तेंदुओं को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया।
पिछले कुछ दिनों से फलोदी टोडरा कस्बे में तेंदुओं की लगातार गतिविधि देखी जा रही थी, जिससे स्थानीय निवासियों में चिंता का वातावरण था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की वन टीम ने दिन-रात लगातार क्षेत्र में निगरानी रखी। टीम द्वारा कैमरा ट्रैप, ट्रैकिंग एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी गई तथा पूरी सावधानी एवं वैज्ञानिक तरीके से अभियान संचालित किया गया।
वन विभाग की अथक मेहनत, धैर्य एवं कुशल रणनीति के परिणामस्वरूप दोनों तेंदुओं को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। पूरे अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी गई।
इस अभियान में सहायक वन संरक्षक (ACF) श्री अजय, नाका प्रभारी श्रीमती सुमन, श्री जसकरण तथा रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की संपूर्ण वन टीम ने दिन-रात निरंतर कार्य करते हुए उल्लेखनीय समर्पण एवं साहस का परिचय दिया। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने बिना रुके लगातार निगरानी एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया, जिसके फलस्वरूप यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।