शादी के दो महीने बाद ससुर की हत्याः हरियाणा का युवक पत्नी संग उत्तराखंड पहुंचा, ससुरालवालों को कमरे में बंद कर भागे दोनों उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हरियाणा के एक युवक पर अपने ससुर की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी दामाद धर्मवीर और उसकी पत्नी वारदात के बाद से फरार हैं। दोनों की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। पुलिस के अनुसार, शनिवार को ससुराल पहुंचे दंपती ने रविवार को विवाद के बाद चंद्रशेखर पांडेय (42) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने परिवार के अन्य सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया और चंद्रशेखर को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपी दामाद हरियाणा में किस जिले का रहने वाला है।