
गोपालगंज: टहलने निकले सौरभ कुशवाहा को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
गोपालगंज।विजयीपुर थाना क्षेत्र के घाट बंन्धौरा गांव के समीप मंगलवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के लक्षीचक गांव निवासी रविन्द्र कुशवाहा के 22 वर्षीय पुत्र सौरभ कुशवाहा उर्फ गोलू कुशवाहा के रूप में हुई है. वह अपने मामा अवधेश कुशवाहा के घर घाट बंन्धौरा में रहता था.घायल युवक के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे वह गांव के पूरब दिशा में टहल रहा था. इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मार दी. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे. गोली युवक के बाएं हाथ में कोहनी के पास लगी है.घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.