
मंगलपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को किया गिरफ्तार, गौतमबुद्ध नगर से बालिका बरामद
8 सितंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा, नयागांव से आरोपी की गिरफ्तारी के साथ बालिका को भी किया गया बरामद
कानपुर देहात में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मंगलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गौतमबुद्ध नगर जिले के नयागांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि मामले से संबंधित बालिका को भी एक मकान से बरामद किया गया। बरामद बालिका को महिला कांस्टेबल की सुपुर्दगी में लेकर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मंगलपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार यादव ने मंगलवार शाम पांच बजे बताया कि बीती 8 सितंबर 2026 को एक महिला ने थाने में तहरीर देकर अपनी करीब 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के बंथल शाहपुर निवासी सुमित पुत्र सुरजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर को मंगलपुर पुलिस टीम ने गौतमबुद्ध नगर जिले के नयागांव स्थित हीरा स्वीट्स, फेस-2 के पास से नामजद वांछित आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले से संबंधित बालिका को नयागांव स्थित एक मकान से बरामद किया। बरामदगी के बाद बालिका को महिला कांस्टेबल शशि की सुपुर्दगी में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बालिका का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 180 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है