डेरापुर में 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का आतिशबाजी के बीच दहन, जय श्रीराम से गूंजा मैदान
एकादशी पर निभाई गई वर्षों पुरानी परंपरा, बुधवार रात 8 बजे हुआ रावण दहन; उमड़ी भीड़
डेरापुर कस्बे में दशहरे के अगले दिन एकादशी पर बुधवार रात करीब 8 बजे 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का आतिशबाजी के बीच दहन किया गया। इस दौरान मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण दहन देखने के लिए कस्बे और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
तहसील प्रशासन की देखरेख में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के मंचन के बाद रावण दहन हुआ। पुतले में आग लगते ही आतिशबाजी से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। क्षेत्र में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और डेरापुर की विशिष्ट पहचान बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी उषा सिंह, क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र रघुवंशी, तहसीलदार देशराज भारती, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।