
ठियोग में नशे पर पुलिस का शिकंजा, कार से 20 ग्राम चिट्टा और 135 ग्राम अफीम बरामद; तीन गिरफ्तार
ठियोग। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ठियोग पुलिस ने बाईपास रोड स्थित ठियोग कैफे के पास एक संदिग्ध कार की तलाशी लेकर 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 135 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ठियोग पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की के ऊपर रखे हैंड रेस्ट के अंदर छिपाकर रखे गए दो पारदर्शी प्लास्टिक लिफाफे बरामद हुए। जांच करने पर एक लिफाफे में 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, जबकि दूसरे में 135 ग्राम अफीम पाई गई।
मामले में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 111/2026, दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में चरणजीत सिंह (20), विक्रम सिंह (22) और जसकरण सिंह (21), सभी निवासी लुधियाना, पंजाब, को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही पुलिस आरोपियों के संभावित नशा तस्करी नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो, शिमला