
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुरभि जैन निलंबित
..
शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं कदाचरण संबंधी शिकायतों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आयुक्त सह संचालक ने कार्रवाई करते हुए बासौदा की कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री सुरभि जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गौरतलब हो कि सुरभि जैन के विरुद्ध स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य माध्यमों से शासकीय कार्यों के निर्वहन में लापरवाही एवं कदाचरण संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही, कार्यालय में नियमित रूप से विलंब से उपस्थित होने, निर्धारित मुख्यालय पर निवास नहीं करने, उचित मूल्य दुकानों से संबंधित कार्यवाहियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं करने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयावधि में निराकरण नहीं करने संबंधी आरोप शामिल हैं।
इसके साथ ही शासकीय कार्यों के निष्पादन में शासकीय सेवक से अपेक्षित आचरण के प्रतिकूल व्यवहार किए जाने संबंधी आरोप भी शिकायतों में शामिल हैं। प्राप्त शिकायतों की प्रकृति एवं उपलब्ध तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम के नियम 3 के उपनियम (दो) के विपरीत पाया गया।
शिकायतों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सुश्री सुरभि जैन के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाना अपेक्षित पाए जाने पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण के आयुक्त सह संचालक द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में सुश्री सुरभि जैन का मुख्यालय कार्यालय खाद्य, संचालनालय भोपाल निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। #vidisha #JansamparkMP