
थाना शहर यमुनानगर की पुलिस टीम ने होटल में रिसेप्शनिस्ट को बंधक बनाकर बेरहमी से मार पीट करने के आरोप में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हुए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्यवाही करते हुए थाना शहर यमुनानगर की पुलिस टीम ने शहर के माडल टाउन क्षेत्र स्थित होटल में रिसेप्शनिस्ट को बंधक बनाकर बेरहमी से मार पीट करने, पैसे छीनने व वारदात की वीडियो बना कर वीडियो को वायरल करने की धमकी देने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आजादनगर निवासी गोपाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह संतपुरा रोड स्थित डाउन टाउन होटल में रिसेप्शनिस्ट का कार्य करता है। 16 जून की रात करीब 10 बजे वह होटल में था। तभी वहां पर आजादनगर निवासी उमित गुप्ता, आगेश व भाटियानगर निवासी शिवम तनूजा आए। आते ही हमलावरों ने बेल्ट निकालकर पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उसे होटल के ही कमरे में बंधक बना लिया। उसके कपड़े उतरवाएं और उसके ऊपर थूका। आरोपियों ने घटनाक्रम की वीडियो भी बनाई। आरोपी उमित गुप्ता के साथ पहले भी झगड़ा हो चुका है। जिसमें कोर्ट में केस चल रहा है। इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी उमित गुप्ता व आगेश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।