
नव अधिग्रहित क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता, वार्ड 38 व 42 में सड़क-नाला निर्माण का कार्यादेश जारी: गरिमा
बेतिया: नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नव अधिग्रहित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी कड़ी में नगर निगम बोर्ड से स्वीकृत वार्ड 38 और 42 की दो पीसीसी सड़क निर्माण योजनाओं का कार्यादेश जारी कर दिया गया है। वार्ड 42 में अशोक प्रसाद के घर से पंकज पटेल होते हुए सुमन पटेल के घर तक तथा वार्ड 38 में गोरी शंकर यादव के घर से रमेश पासवान के घर तक सड़क एवं आवश्यक नाला का निर्माण कराया जाएगा। दोनों योजनाओं का कार्य दीपक कंस्ट्रक्शन, रामनगर को सौंपा गया है। वार्ड 42 की योजना की प्राक्कलित लागत 16.92 लाख रुपये तथा वार्ड 38 की 4.36 लाख रुपये निर्धारित है। कार्यादेश के अनुसार निर्माण कार्य तीन माह के भीतर तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा करना होगा। गुणवत्ता जांच, सूचना पट्ट, तकनीकी पर्यवेक्षण और फोटोग्राफी सहित सभी विभागीय शर्तों का पालन अनिवार्य रहेगा। महापौर ने रविवार के दोपहर करीब तीन बजे कहा कि योजनाएं पूरी होने से संबंधित मोहल्लों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और नव अधिग्रहित क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।