
आज दिनांक 05.08.2026 को मुख्य सचिव, बिहार सरकार एवं उद्योग विभाग के सचिव के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला पदाधिकारी के साथ लाल ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) से संबंधित राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। रोहतास जिले से बैठक में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा और महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र श्री आशीष रंजन शामिल हुए। बैठक में बिहार में व्यवसाय सुगमता बढ़ाने, निवेशकों के लिए पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था विकसित करने तथा केंद्र सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा निर्धारित सुधारों की समयबद्ध प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 के ईज ऑफ डूइंग बिजनेस मूल्यांकन के अंतर्गत राज्य को कुल 308 सुधार बिंदुओं का अनुपालन सुनिश्चित करना है। इनमें स्टेट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान के 74 सुधार, डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान के 154 सुधार तथा स्टेट सिंगल विंडो सिस्टम गाइडबुक के 80 सेवाएं शामिल हैं।
बैठक में सचिव महोदय ने कहा कि जिले में उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा उद्यमियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रशासनिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। उद्यमियों एवं निवेशकों को आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं, जैसे भूमि आवंटन, भवन मानचित्र स्वीकृति, व्यापार लाइसेंस, व्यावसायिक विद्युत कनेक्शन, पर्यावरणीय स्वीकृति, अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) सहित अन्य विभागीय अनुमतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम को पूरी तरह प्रभावी बनाकर उद्यमियों को एक ही मंच पर सभी आवश्यक विभागीय सेवाएं एवं अनुमतियां उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, नए व्यवसायियों एवं स्टार्टअप्स के लिए सरल, पारदर्शी एवं निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष बल दिया।
समीक्षा में यह भी स्पष्ट किया गया कि बिहार सरकार ने DPIIT की निर्धारित समय-सीमा से पहले 30 अगस्त 2026 तक सभी विभागों से सुधारों का अनुपालन एवं आवश्यक साक्ष्य उद्योग विभाग को उपलब्ध कराने का आंतरिक लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि समय रहते त्रुटियों का सुधार कर राष्ट्रीय पोर्टल पर अंतिम रूप से अपलोड किया जा सके।
समीक्षा के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुधारों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि उद्योगों एवं निवेशकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। जिला पदाधिकारी ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधार केवल रैंकिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
#IPRD
#BiharIndustries
#Rohtas
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Industries Department, Bihar
Patna, Bihar | Aug 5, 2026