
सूने मकान को बनाया निशाना, 5 तोला सोना व एक लाख नकद चोरी
मथानिया। नगरपालिका क्षेत्र के रंदाली जांव गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित किसी काम से बाहर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार रंदाली जांव निवासी श्यामसिंह चारण का परिवार किसी कार्य से पाली जिले के जैतारण गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व सामान खंगालते हुए करीब 5 तोला सोने के आभूषण तथा एक लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।
चोरी की वारदात का पता बुधवार सुबह उस समय चला जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे हुए देखे। उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलने पर श्यामसिंह चारण घर पहुंचे और सामान बिखरा हुआ देखकर चोरी की पुष्टि हुई।
मामले की सूचना पर मथानिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के साथ एमओबी टीम के हेड कांस्टेबल सुरेश एवं कांस्टेबल अनवर ने भी मौके से फिंगर प्रिंट्स सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, मंगलवार रात को ही मथानिया नगरपालिका क्षेत्र में करनी माता मंदिर के सामने स्थित लूणाराम सुधार के मकान में भी चोरी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि वहां चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। वहीं एमओबी टीम द्वारा दूसरे मामले में गुरुवार को साक्ष्य जुटाए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में एक ही रात में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।