
सभी स्कूल बसों की होगी जांच औरंगाबाद डीएम का रुख कड़ा
बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त, घटना के बाद तत्काल कार्रवाई, जिला पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
The silence media news
अम्बा स्थित निजी विद्यालय संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल के बच्चों को विद्यालय ले जा रही एक टाटा मैजिक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे नहर में गिर गई। वाहन में लगभग *15 स्कूली बच्चे* सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा ने मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में विद्यालय द्वारा बच्चों के परिवहन हेतु काफी पुरानी एवं जर्जर अवस्था के वाहन के उपयोग तथा विद्यालय वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की आशंका सामने आने पर जिला पदाधिकारी ने संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल, अंबा के प्राचार्य को स्पष्टीकरण जारी किया है। साथ ही विद्यालय में छात्रों के परिवहन हेतु अपनाई जा रही मानक प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी, औरंगाबाद को भी सपष्टीकरण जारी करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन के *परमिट, फिटनेस, बीमा, विद्यालय वाहन मानकों के अनुपालन तथा वाहन के विरुद्ध पूर्व में की गई कार्रवाई* का विस्तृत प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद को भी पत्र जारी कर घटना के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि विद्यालय परिवहन व्यवस्था की समग्र जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों में बच्चों के आवागमन हेतु केवल वैध, फिटनेसयुक्त एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही उपयोग हो। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं उत्तरदायी पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय परिवहन से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा इस दुर्घटना में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#thesilencemedianews #aurangabad #Nabinagar #औरंगाबाद #kutumba #अम्बा #abhilashasharmaias #AbhilashaSharma