
#सोशल_मीडिया_पोस्टों_पर_कार्रवाई..
भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक महीने का विशेष अभियान चलाया गया। 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चले इस अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नोडल अधिकारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव के सुपरविजन में सोशल मीडिया सैल ने एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक पोस्टों की लगातार मॉनिटरिंग की। अभियान के दौरान पुलिस ने 30 सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली और 3 महिला व बच्चों से जुड़ी अनुचित पोस्टों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की। इस दौरान वैर और सदर बयाना थाने में मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि अपराधियों का महिमामंडन करने, हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने, अफवाह फैलाने और अभद्र टिप्पणी करने वाले 21 अन्य असामाजिक तत्वों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद एसपी राजेश कुमार मीना ने आमजन, विशेषकर युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रामक खबर, हथियार प्रदर्शन या धार्मिक-सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।