
श्रीराम हॉस्पिटल के डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा पर बढ़ीं मुश्किलें, विभागीय जांच के बीच एक और FIR की तैयारी
अयोध्या। श्रीराम हॉस्पिटल के विवादित डॉक्टर डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। टेक्नीशियन को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सबसे पहले हमने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था और सवाल किया था कि लगातार आरोपों के बावजूद डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
खबर प्रसारित होने के बाद मामले में नया मोड़ आया। डॉक्टर और टेक्नीशियन की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें चंद्रप्रकाश सोनी नाम के व्यक्ति ने आरोप लगाया कि 5 मार्च की रात तबीयत खराब होने पर वह श्रीराम हॉस्पिटल की इमरजेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा ने जल्दबाजी में गलत तरीके से IV (वीगो/ड्रिप) लगाया, जिससे हाथ में तेज दर्द और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज की और अपने साथियों के साथ मारपीट भी की।
अब इस मामले में शिकायतकर्ता ने थाना रामजन्मभूमि में लिखित प्रार्थना पत्र देकर डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के साथ जन-सुनवाई पर्ची भी जारी की गई है, जिससे स्पष्ट होता है कि पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर लिया है और मामले को जांच अधिकारी को सौंपा गया है। अब शिकायत पर पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
उधर, सोशल मीडिया पर एक कथित पत्र भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा गया है कि डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा को पैथोलॉजी कार्य के अलावा अन्य चिकित्सीय कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद वे अन्य चिकित्सकीय कार्य भी कर रहे हैं।
यदि इस नए प्रार्थना पत्र के आधार पर एफआईआर दर्ज होती है, तो टेक्नीशियन मारपीट प्रकरण में चल रही पुलिस विवेचना और विभागीय जांच के बीच डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा के खिलाफ यह एक और आपराधिक मामला होगा। अब सभी की नजर पुलिस जांच और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
#अयोध्या #ShreeRamHospital #viralpost #highlights #hospital #doctor #AyodhyaNews #everyonefollowers #ayodhya Awadh News24 MYogiAdityanath Brajesh Pathak Dr. Amit Singh Chauhan