
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
कलेक्टर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न
सुरक्षा व व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश
दतिया 19 जून 2026/ आगामी मोहर्रम त्यौहार को सफल व शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने के लिए आज कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखडे की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल, अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कव्चे, एसडीम दतिया सुश्री सोनाली राजपूत सहित शांति समिति के सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वानखडे ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोहर्रम जैसे सांविधानिक और सांस्कृतिक आयोजनों में प्रशासन की प्राथमिकता सामाजिक सद्भाव और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हर समुदाय को शांतिपूर्वक अपने धार्मिक कृत्यों का पालन करने का पूर्ण अधिकार है और प्रशासन का दायित्व है कि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी को साफ सफाई व्यवस्था, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस व्यवस्था, महाप्रबंधक विद्युत विभाग को निरंतर विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री खंडेलवाल ने समस्त अधिकारियों को जुलूस मार्ग पर सयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाये करने के निर्देश दिए। साथ ही मॉक ड्रिल और अतिरिक्त पेट्रोलिंग को फोकस करते हुए मुख्य जुलूस मार्गों, तंग गलियों तथा भीड़ भरे स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध वस्तुओं की निगरानी के लिए विशेष नाकाबंदी व चौकसी रखी जाएगी।
अपर कलेक्टर श्री कवचे ने समिति सदस्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि जुलूस के दौरान डीजे पर कोई भी आपत्तिजनक धुन/ गाना ना बजाया जाये। साथ ही डीजे की आवाज प्राप्त अनुमति के अनुसार ही रहे यह भी सुनिश्चित किया जाए।
क्रमांक 85/2026
--------0000-------
नीट-परीक्षा 2026 परीक्षा केन्द्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
दतिया 19 जून 2026/ जिले में नीट-2026 राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यूजी तीन परीक्षा केन्द्रों पर 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से सायं 5.15 बजे तक आयोजित की जायेगी। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने आदेश जारी कर परीक्षा केन्द्रों पर अधिकारियों, कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है।
जारी आदेशानुसार परीक्षा केन्द्रों पर जिन अधिकारियों, कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है उनमें श्री महेन्द्र सिंह कवचे अपर कलेक्टर जिला प्रशासन नोडल अधिकारी परीक्षा शहर, श्री बिजेन्द्र सिंह यादव डिप्टी कलेक्टर सहायक जिला नोडल अधिकारी परीक्षा शहर, श्री अजय झा तहसीलदार दतिया कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी शासकीय पीजी कॉलेज दतिया, श्री संजीव तिवारी नायब तहसीलदार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दतिया, श्री जगदीश घनघौरिया नायब तहसीलदार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी पीएम श्री केन्द्रीय विधालय दतिया, श्री अंकित गुप्ता डाटा एंट्री ऑपरेटर सांख्यिकी विभाग सर्पोट स्टाफ परीक्षा शहर शामिल है।
क्रमांक 86/2026
--------0000-------
एक शस्त्र लायसेंस निलंबित
दतिया 19 जून 2026/ पुलिस अधीक्षक दतिया के प्रतिवेदन के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा आयुध अधिनियम 1959 की धारा -17(3) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लासेंसधारी आदराम यादव पुत्र श्री रामसेवक यादव निवासी ग्राम पहाड़ी थाना अतरैंटा द्वारा शस्त्र लायसेंस की शर्तो का उल्लंघन किये जाने तथा लायसेंसी शस्त्र से क्षेत्र में दशहत फैलाने का कृत्य किये जाने तथा लायसेंसधारी पर अधिरोपित अपराधि प्रकरण के अंतिम निराकरण तक की अवधि के लिए शस्त्र लायसेंस निलंबित किया गया है।
क्रमांक 87/2026
--------0000-------
शिशुगृह का किया गया औचक निरीक्षण
बच्चों की देखभाल और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दतिया 19 जून 2026/ महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अरविंद कुमार उपाध्याय एवं संरक्षण अधिकारी श्री धीर सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को रोशनी शिशुगृह, दतिया का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्था की साफ-सफाई, बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा दत्तक ग्रहण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निरीक्षण पंजी, आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों की भी गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी ने शिशुगृह में निवासरत बच्चों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई-लिखाई एवं दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया तथा किचन एवं स्टोर रूम का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, मेन्यू चार्ट और पोषण स्तर की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों ने शयनकक्ष, शौचालय, खेल क्षेत्र एवं परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए बच्चों के उपयोग की वस्तुओं की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थिति पंजी, स्वास्थ्य जांच रजिस्टर, स्टाफ रोस्टर एवं सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर प्रत्येक बच्चे की व्यक्तिगत फाइल अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि शिशुगृह में रहने वाले प्रत्येक बच्चे को घर जैसा वातावरण मिलना चाहिए तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और भावनात्मक देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, अग्नि सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट एड किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का सतत पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संस्था के कर्मचारियों ने आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
क्रमांक 88/2026
--------0000-------
सीता सागर तालाब पर चला स्वच्छता अभियान
शासकीय पीजी कॉलेज में हुआ योगाभ्यास
दतिया 19 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को जिले में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। नगर पालिका दतिया एवं जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में दतिया नगर स्थित सीता सागर तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर विधायक सेवढ़ा श्री प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री प्रशांत ढेंगुला सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दतिया में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनसीसी, एनएसएस, ईको क्लब एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. जयश्री त्रिवेदी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट नाज़िश शेख, खेल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र यादव, प्रो. सुनीता यादव, मनोरमा सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया