
जमशेदपुर में 15 दिनों से लापता परवेज आलम, परिजनों ने जताई चिंता; निष्पक्ष जांच की मांग
जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के बागानशाही रोड नंबर 7 निवासी 39 वर्षीय परवेज आलम बीते 6 अगस्त से लापता हैं। काफी समय बीत जाने के बावजूद उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परवेज के लापता होने के बाद उनकी पत्नी की ओर से आजादनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
परवेज के अचानक लापता होने से उनका पूरा परिवार परेशान है। परिजनों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
परवेज के मामा अली हुसैन ने बताया कि परवेज मेहनती और नेकदिल इंसान हैं। उनका कहना है कि परवेज के इस तरह अचानक गायब हो जाने से परिवार के लोग सदमे में हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द परवेज का पता लगाने की अपील की है।
वहीं, परवेज की बहनों यासमीन बेगम और निगार प्रवीण ने मामले को लेकर कुछ सवाल उठाए हैं। परिजनों के अनुसार, 24 वर्षीय साहीबा प्रवीण ने फोन पर अपनी मामी से परवेज के बारे में जानकारी मांगी थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्हें कहा गया कि वे परवेज को खोजने वाली नहीं हैं। परिजनों का दावा है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
परवेज की मौसी बेबी फरीदा ने भावुक होकर कहा कि आखिर उनका बच्चा कहां चला गया। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को परवेज के बारे में कोई जानकारी मिले तो परिवार या पुलिस को तुरंत सूचना दें।
परिजनों के मुताबिक, परवेज करीब दो महीने पहले सऊदी अरब से जमशेदपुर लौटे थे। विदेश में काम करने के बाद वे यहां पेंटिंग का काम कर रहे थे और सामान्य रूप से अपनी जिंदगी जी रहे थे। लेकिन 6 अगस्त के बाद अचानक उनका संपर्क टूट गया।
इधर, परवेज की बहन ने उनकी पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि टिंकू नामक एक युवक का घर पर लगातार आना-जाना था। परिवार ने यह भी दावा किया है कि परवेज के विदेश में रहने के दौरान उनकी कमाई का पैसा पत्नी के बैंक खाते में आता था। इसके अलावा एक मकान की बिक्री से मिले कुछ रुपये को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने इन तमाम बिंदुओं की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल परवेज आलम के परिजन उनके सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अगर आपके पास भी परवेज आलम से जुड़ी कोई जानकारी है, तो तुरंत उनके परिजनों या आजादनगर थाना पुलिस को सूचना दें।
#Jamshedpur #Azadnagar #ParvezAlam #MissingPerson #JamshedpurNews #JharkhandNews #ChhotanagpurLive