वाहन की टक्कर से पलटा ई रिक्शा, चालक की डॉन से मौत
हरदोई। सवायजपुर क्षेत्र के बरसोहिया नकटौरा मार्ग पर दुलारपुर के पास किसी वाहन की टक्कर से रविवार देर रात ई-रिक्शा पलट गया। घटना में ई-रिक्शा के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई।
अरवल थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी नीरज (35) ई-रिक्शा चलाते थे। पत्नी ऊषा देवी ने बताया कि रविवार देर रात नीरज गांव के ही राम प्रताप को उनकी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में भेजने ई-रिक्शा से नस्योली गए थे। वहां से नीरज अकेले ही वापस आ रहे थे। बरसोहिया-नकटौरा मार्ग पर दुलारपुर गांव के पास किसी वाहन ने पीछे से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। घटना में ई-रिक्शा पलट गया और उसके नीचे दबकर नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी हरपालपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।
Hardoi, Hardoi | Jun 29, 2026