गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र की तिरला पंचायत निवासी प्रवासी मजदूर लालचंद महतो (40) की दुबई में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह जनवरी 2026 में रोजगार की तलाश में दुबई गए थे, लेकिन दो महीने बाद कंपनी ने उन्हें काम से हटा दिया। पासपोर्ट और वीजा गुम होने के कारण वह लंबे समय तक वहां परेशानियों से जूझते रहे। हाल ही में झारखंड के कुछ प्रवासी मजदूरों ने उनकी मदद करते हुए भोजन और घर वापसी का प्रयास शुरू किया था, लेकिन इसी बीच उनकी मौत की सूचना मिल गई। घटना से परिवार सदमे में है। समाजसेवी सिकंदर अली ने पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार से आर्थिक सहायता और शव को जल्द भारत लाने की मांग की। उन्होंने प्रवासी मजदूरों के सुरक्षित रोजगार और पलायन रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
#bagodar #lalchandmahto #dubai #giridih