
कलेक्टर की तत्परता से 4 दिन के मासूम का रेस्क्यू
रीवा जिले के जवा जनपद पंचायत अंतर्गत भनिगवां गांव से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जहां महज चार दिन के नवजात बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
बताया जा रहा है कि भनिगवां गांव चारों तरफ से नदी से घिरा हुआ है और लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। ऐसे विषम परिस्थितियों में नवजात को अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया था।
बच्चे के पिता अखिलेश यादव के बड़े भाई एवं पत्रकार रामचंद्र यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और तत्काल मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए NDRF टीम के अधिकारियों को नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बाढ़ के पानी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए नवजात बच्चे और उसके परिजनों को सुरक्षित नदी पार कराया। इसके बाद बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रेस्क्यू कार्य में SDM जवा, जनपद पंचायत CEO जवा, ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव सहित स्थानीय प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। सभी के समन्वित प्रयास से नवजात को समय पर सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।
इस पूरे घटनाक्रम में कलेक्टर की तत्परता और संवेदनशीलता की परिवार ने सराहना की। बच्चे के पिता अखिलेश यादव और परिजनों ने कलेक्टर रीवा का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में जिस तरह तत्काल मदद मिली, उसे परिवार कभी नहीं भूल पाएगा।
परिजनों ने कहा कि ऐसे संवेदनशील और तत्काल कार्रवाई करने वाले कलेक्टर को उन्होंने पहली बार देखा है।
मुश्किल समय में प्रशासन की तत्परता, NDRF की टीम और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयास से एक मासूम को समय पर उपचार मिल सका, जो निश्चित रूप से सराहनीय है।
#Rewa #रीवा #Bhanigawan #भनिगवां #Jawa #जवा #NDRF #RescueOperation #FloodRescue #नवजातबच्चा #मासूमकाबचाव #CollectorRewa #कलेक्टररीवा #NarendraKumarSuryavanshi #प्रशासन #बाढ़ #RewaNews #VindhyaSamacharTV #विंध्यसमाचारटीवी #BreakingNews #MPNews #MadhyaPradeshNews
Jawa, Rewa | Aug 22, 2026