
बस्ती समाचार
राहगीरों से जबरन गाड़ियां छीनकर वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 शातिर गिरफ्तार 3 बाइक और कार बरामद
बस्ती थाना कप्तानगंज पुलिस टीम ने राहगीरों को डरा-धमकाकर अवैध रूप से उनकी गाड़ियां कब्जे में लेने और पैसों की वसूली करने वाले गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी/छीनी गई मोटरसाइकिलें और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की है।
रेहरवा टिनिच मार्ग नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष कप्तानगंज की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सड़क पर फर्जी तरीके से गाड़ियां छीनकर वसूली करने वाला गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को समय दोपहर 02:35 बजे रेहरवा टिनिच मार्ग नहर पुलिया के पास से दो अभियुक्तों को स्विफ्ट कार (UP51 BU 5308) के साथ धर दबोचा। गाड़ी को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
आदर्श सिंह (उम्र 23 वर्ष), निवासी हथिनाग, थाना वजीरगंज, जनपद गोंडा
शशांक पांडेय (उम्र 21 वर्ष), निवासी बैदोलिया, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती
क्या था मामला?
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य राहगीरों को रोककर जान से मारने व गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी देते थे और जबरन गाड़ियां अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद गाड़ी लौटाने के नाम पर भारी रकम की मांग करते थे। पैसा न मिलने पर वाहन हड़प लेते थे।
बरामद व छीनी गई गाड़ियां:
होण्डा स्ट्रीम (UP58 AJ 7456): 27 अगस्त 2026 को कस्बा कप्तानगंज सीएचसी गेट के पास से गुलाब यादव (निवासी महराजगंज) से छीनी गई।
प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP51 BL 4244): 6 सितंबर 2026 को जियो पेट्रोल पंप दुधौरा से विजय पाल (निवासी बस्ती) से डरा-धमकाकर छीनी गई।
पल्सर मोटरसाइकिल (BR55 D 5814): 27 अगस्त 2026 को बिहार निवासी संजय मेहता से छीनी गई।
पुलिस ने इस संबंध में थाना कप्तानगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 238/2026 व 241/2026 (धारा 308(5) बीएनएस) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
मास्टरमाइंड दे रहा था कोड
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने खुलासा किया कि इस रैकेट में दो अन्य साथी विशाल भारद्वाज (निवासी कप्तानगंज, बस्ती) और अमन सिंह (निवासी गोंडा) भी शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार अभिषेक यादव (निवासी बेलसड, कप्तानगंज) की है। अभिषेक ही गैंग को लोकेशन व कोड उपलब्ध कराता था, जिसके इशारे पर गिरोह गाड़ियों को टारगेट करता था। पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
जनपद बस्ती पुलिस की अपील: फर्जी फाइनेंसरों से रहें सावधान
बस्ती पुलिस ने आमजन के लिए चेतावनी जारी की है:
"कुछ फर्जी फाइनेंसर या असामाजिक तत्व सड़क पर बिना किसी कानूनी नोटिस और दस्तावेज के गाड़ियां छीनकर अवैध वसूली कर रहे हैं। ऐसे लोगों के झांसे में बिल्कुल न आएं। यदि कोई व्यक्ति बिना पूर्व सूचना या कागजात के गाड़ी छीनने का प्रयास करे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है #up #basti #newsfeed
Basti, Basti | Sep 10, 2026