पहले आवास प्लस में नाम जोड़ने ली 1-1 हजार की रिश्वत, अब कुटीर देने के लिए मांग रहे पांच हजार
शिवपुरी-जनपद पंचायत बदरवास की ग्राम पंचायत इन्दार में कुटीर और पीएम आवास योजना के नाम पर गरीबों से अवैध वसूली और अपात्र लोगों को लाभ देने का गंभीर आरोप लगा है।मंगलवार को जनसुनवाई में समस्त जाटव समाज ग्राम पंचायत इन्दार ने कलेक्टर शिवपुरी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत इन्दार में सरपंच पति एवं सचिव द्वारा पीएम आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर ग्रामीणों से एक-एक हजार रुपये तक की राशि वसूली जा रही है। पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि जब वे इसका विरोध करते हैं तो सरपंच द्वारा धमकी दी जाती है कि, तुम शिकायत करोगे तो पीएम आवास की सूची से नाम हटा दिया जाएगा। जाटव समाज ने कलेक्टर से मांग की है कि उक्त मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सरपंच पति एवं सचिव के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए और पात्र गरीबों को योजना का लाभ दिलाया जाए।