
बोकारो स्टील प्लांट के विस्थापितों का आंदोलन समाप्त, सात दिनों में प्रस्ताव भेजने पर सहमति
👇👇👇👇👇
बोकारो प्रतिनिधि। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ की ओर से चल रहा धरना-प्रदर्शन व भूख हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गया। उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रशासन, बीएसएल प्रबंधन, विधायक व विस्थापित संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद संघ ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया।
बैठक में बोकारो विधायक श्वेता सिंह सहित जिला प्रशासन व बीएसएल के वरिष्ठ अधिकारी तथा विस्थापित संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में विस्थापित परिवारों के सदस्यों के नियोजन व प्रशिक्षित अप्रेंटिस अभ्यर्थियों की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई।
सहमति के अनुसार, बीएसएल से विस्थापित परिवारों के सदस्यों के लिए चतुर्थ वर्ग के पदों पर स्थायी नियुक्ति की नीति बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके अलावा विस्थापित परिवारों के 1500 प्रशिक्षित अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को स्थायी नियोजन देने की मांग भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखी जाएगी।
दोनों प्रस्तावों को सात दिनों के भीतर झारखंड सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। जिला विकास आयुक्त गृह विभाग के माध्यम से प्रस्ताव मुख्य सचिव को भेजेंगे। वहीं, बीएसएल प्रबंधन भी प्रस्ताव को सात दिनों के भीतर सेल (एसएआईएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के पास अग्रेषित करेगा।
प्रशासन व प्रबंधन की ओर से मांगों पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद विस्थापित संघ ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि, स्थायी नियोजन को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित सरकार व प्रबंधन के स्तर पर लिया जाना बाकी है। बैठक में अपर समाहर्ता, चास एसडीओ, एसडीपीओ सहित बीएसएल के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
Chas, Bokaro | Oct 22, 2026