
### 79 वर्षों की परंपरा: बाबा योगेश्वर नाथ महादेव का भव्य श्रृंगार, भजन-कीर्तन और कथक नृत्य ने मोहा मन
मिर्जापुर। बाजीराव कटरा स्थित बाबा योगेश्वर नाथ महादेव का भव्य श्रृंगार एवं भजन-कीर्तन समारोह 9 नवंबर को श्री कृष्ण हरि कीर्तन प्रचार समिति के तत्वावधान में धूमधाम से आयोजित हुआ। 79 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा के दर्शन किए।
प्रसिद्ध श्रृंगारिया जगसेन जी ने बाबा का मनमोहक श्रृंगार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर व्यवस्थापक एवं समिति अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने आरती से किया। इसके बाद बाल कलाकार ईशान और कार्तिकेय सहित विभिन्न कलाकारों ने भजन एवं काव्य पाठ प्रस्तुत किया।
भजन संध्या में महेंद्र कुमार भारती, अशोक जी, बैकुंठ जी, नितीश अग्रवाल और महेश मालवीय ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया। वहीं पं. मनीष शर्मा की शिष्याओं अनुश्री केशरी और पंखुड़ी केशरी ने युगल कथक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। समापन पर वरिष्ठ संगीतज्ञ भगवती प्रसाद केशरी ने राग भैरवी पर आधारित भजन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी ने किया। अंत में समिति अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने श्रद्धालुओं एवं कलाकारों को प्रसाद वितरित कर सभी के प्रति आभार जताया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और संगीत के रंग में सराबोर रहा।
#Mirzapur #BabaYogeshwarNath #BhajanSandhya #Mahadev #SanatanDharma #MirzapurNews #TodayMirzapurNews