
फतेहपुर के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी बनवारी मालाकार का निधन, खेल जगत में शोक
फतेहपुर. आदर्श क्रीड़ा परिषद के पूर्व सदस्य एवं फतेहपुर प्रखंड के जाने-माने फुटबॉल खिलाड़ी बनवारी मालाकार का गुरुवार की सुबह उनके पैतृक निवास पर निधन हो गया. उनके निधन की खबर से फतेहपुर प्रखंड के खेल प्रेमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई.
बनवारी मालाकार 1970 और 1980 के दशक में फतेहपुर प्रखंड के बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार थे. उन्होंने अपने खेल कौशल से क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी. खिलाड़ी के रूप में योगदान देने के साथ-साथ उन्होंने कई फुटबॉल टूर्नामेंट में रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई थी. खेल के प्रति उनका समर्पण और अनुभव नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा.
उनके निधन पर फतेहपुर के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं खिलाड़ियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की. शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि बनवारी मालाकार के निधन से फतेहपुर प्रखंड के खेल जगत में एक ऐसा रिक्त स्थान पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है. उनका इस तरह दुनिया से चले जाना फतेहपुर में खेल के लिए अपूरणीय क्षति है.
Fatehpur, Gaya | Nov 5, 2026