
पश्चिम चंपारण जिले के 54वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को शहर के एमजेके कॉलेज स्थित परीक्षा भवन में एक गरिमामयी पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील आनंद ने की, जबकि संचालन कृष्णकांत मिश्र ने किया। संगोष्ठी में बीते 54 वर्षों के दौरान जिले में पत्रकार हित में हुए कार्यों की गहन समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति तय की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और एकजुटता के लिए शीघ्र ही पश्चिम चंपारण प्रेस क्लब का गठन किया जाएगा। इस प्रक्रिया को मूर्त रूप देने के लिए एक 11 सदस्यीय कार्यकारी समिति भी बनाई गई है। संगोष्ठी के दौरान जिला प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने प्रशासन द्वारा पत्रकारों की लगातार अनदेखी करने,
पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर चुप्पी साधने तथा एक वरीय अधिकारी द्वारा पत्रकारों के प्रति आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग की कड़ी निंदा की। पत्रकारिता की गुणवत्ता और मर्यादा को बनाए रखने के उद्देश्य से यह तय किया गया कि मीडिया क्षेत्र में आने वाले नए पत्रकारों के लिए हर माह एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से उन्हें पत्रकारिता के मानदंडों की बारीकियां सिखाई जाएंगी, ताकि वे पूरी जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। सुधीर कुमार, गणेश वर्मा, मुन्ना राज, अवधकिशोर तिवारी, करुणेश केशव, धनंजय द्विवेदी, मनोज कुमार मिश्र, जितेंद्र कुमार, आशीष कुमार, सत्येंद्र श्रीवास्तव, सुमीत कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, रूपेश तिवारी, निरंकार भास्कर, सफेसर अली, संदीप गिरी, कैलाश कुमार, संतोष कुमार, रोहित पाठक, सागर शुक्ला, आलोक अगस्टीन, गौरव कुमार आदि मौजूद थे।