सीधी में पंचायत सचिव कर रहा था नशीली कफ सिरप की तस्करी वाहन के साथ पकड़ाया।
प्रथम न्याय न्यूज। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में नशीली कफ सिरप के अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमोड़ी पुलिस ने ग्राम पंचायत खैरा, जनपद पंचायत सिहावल में पदस्थ सचिव संदीप त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में हीरो होंडा एजेंसी के पीछे खड़ी एक बोलेरो में नशीली कफ सिरप रखी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें एक झोले से कोडिनयुक्त ऑनरेक्स कफ सिरप की 12 शीशियां बरामद हुईं। इनकी कीमत 2,418 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कथित परिवहन में इस्तेमाल की गई बोलेरो भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। पुलिस का कहना है कि सिरप के परिवहन और भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
मामले में एनडीपीएस एक्ट और औषधि नियंत्रण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।