
मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना से मीणापाड़ा विद्यालय में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
सवाई माधोपुर, 13 जुलाई। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान जिले में संचालित अभिनव पहल भविष्य की उड़ान एवं मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षिक संसाधनों के विकास में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इस क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मीणापाड़ा में भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीणों द्वारा 56 हजार रुपए की राशि विद्यालय को दान स्वरूप प्रदान की है।
इस सहयोग राशि का चैक विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष सोनी द्वारा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा कराने हेतु सीडीईओ मीना लसाडिया एवं एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को को सौंपा।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 56 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 84 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को कुल लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए की राशि विद्यालय को प्राप्त होगी।
प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों हेतु फर्नीचर, वाटर कूलर एवं कंप्यूटर जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने में किया जाएगा। इससे न केवल विद्यालय का भौतिक विकास होगा, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान सहायक निदेशक समग्र शिक्षा शिव चरण मीणा, एपीसी योगेश मीणा इत्यादि उपस्थित रहे।