बहराइच: शिवपुर और इमामगंज बाजार में श्रम विभाग की छापेमारी, 6 बाल मजदूर कराए गए मुक्त
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से बाल श्रम के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है।
सोमवार को श्रम विभाग की टीम ने खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार और खंड शिक्षा अधिकारी के साथ मिलकर शिवपुर और इमामगंज बाजार की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस संयुक्त छापेमारी के दौरान विभिन्न दुकानों पर काम कर रहे 6 बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया गया।
श्रम विभाग के जिला परामर्शदाता की मौजूदगी में मुक्त कराए गए बच्चों को संरक्षण में लिया गया है। वहीं, बाल श्रम कराने वाले सभी संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी कर तय समय सीमा में जवाब मांगा गया है। विभाग ने साफ किया है कि जिले में बाल मजदूरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।