पानीपत, 30 जून। मंगलवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत लेखाकार हरपाल सिंह के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएँ दीं।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुनील कुमार बसताड़ा ने हरपाल सिंह के सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके द्वारा दिए गए योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में लेखाकार हरपाल सिंह ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।