
पानी की सप्लाई नियमित नहीं मिलने का मुद्दा समाधान शिविर में पहुंचा, डीसी ने लिया संज्ञान
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर जनकल्याण का सशक्त माध्यम बन गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन का एक स्थान पर ही समस्याओं का निवारण हो रहा है। उन्हें अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। डीसी ने सोमवार का लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुनीं।
समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने गांव जैतपुर शेखपुर में जोहड़ की सफाई नहीं होने की शिकायत पर बीडीपीओ रेवाड़ी को जोहड़ की सफाई करवाने के निर्देश दिए। गांव मांड्या खुर्द की ढाणी में पानी की सप्लाई नियमित रूप से नहीं होने की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को समस्या का निवारण करवाने के निर्देश दिए। इसी तरह गोलियाका गांव में खेतों में बिजली के कनेक्शन लगवाने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों को आदेश दिए। गांव सुनारिया में किसान को फसल का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर कृषि विभाग के अधिकारी को समस्या का निवारण करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा रेवाड़ी शहर के महावीर नगर में सीवरेज जाम की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करवाने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में फैमिली आईडी, पेंशन, पेयजल व पुलिस से संबंधित शिकायतें भी आईं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर निवारण करवाया गया। वहीं लंबित शिकायतों के भी जल्द निवारण के निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का समाधान विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राथमिकता से करवाया जाए। वहीं शिकायतों के निवारण से संबंधित रिपोर्ट पर समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने आमजन से अपनी समस्याओं के निवारण के लिए इन शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस मौके पर एडीसी राहुल मोदी, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार व डीएसपी रविंद्र सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन
Rewari, Rewari | Jun 22, 2026