
सिमराही नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली निलंबित, बिहार के 15 पदाधिकारियों पर गिरी गाज
मुख्यमंत्री के आदेश पर राज्यस्तरीय कार्रवाई, सहयोग कार्यक्रम में मिले आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही बरतने का आरोप; सुपौल के प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
सुपौल। बिहार में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही और जन शिकायतों के निष्पादन में उदासीनता बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के आदेश पर राज्यस्तर पर की गई इस कार्रवाई में बिहार के कुल 15 पदाधिकारी एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में सुपौल जिले के सिमराही नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली का नाम भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर सहयोग कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन में लापरवाही बरतने का आरोप है। सरकार ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी के निर्वहन में गंभीर चूक मानते हुए सख्त कदम उठाया है।
इस कार्रवाई की सूचना सामने आने के बाद सुपौल जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। खासकर नगर निकायों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राज्य सरकार की इस कार्रवाई को आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
Supaul, Supaul | Nov 10, 2026