
बालाजी विहार की सीवरेज, सड़क और रेलवे पुल समस्या के समाधान की दिशा में पहल
उदयपुर, 2 अगस्त। बालाजी विहार-एकलिंगपुरा कॉलोनी की वर्षों पुरानी सीवरेज, जलभराव, सड़क और रेलवे पुल की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्रीय सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) आयुक्त को अनुशंसा पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में बताया कि बारिश के दौरान कॉलोनी में गंभीर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य प्रभावित होता है। उन्होंने बालाजी विहार-एकलिंगपुरा कॉलोनी से उमरड़ा मुख्य मार्ग तक सीवरेज नाले के निर्माण तथा रेलवे पुल क्रमांक 204 (116/6) के नीचे नाला एवं सड़क निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।
इसके साथ ही सांसद ने उदयपुर-उमरड़ा रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण परियोजना के तहत रेलवे पुल की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इस दौरान बालाजी विहार कॉलोनी समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग रखी। सांसद ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश एवं अनुशंसा भेजने का भरोसा दिलाया।
कॉलोनीवासियों ने सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यूडीए जल्द निर्माण कार्य शुरू करेगा और रेलवे पुल की ऊंचाई व चौड़ाई बढ़ने से हजारों क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।