
गोगामेड़ी मंदिर से खबर पुजारी देवीलाल को तुरंत प्रभाव से किया गया कार्यमुक्त, मुख्यालय उदयपुर भेजा गया
हनुमानगढ़ / गोगामेड़ी
राजकीय आत्मनिर्भर मंदिर श्री गोगाजी गोगामेड़ी में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत पुजारी देवीलाल को लगातार मिल रही शिकायतों और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के चलते तुरंत प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने 12 अगस्त 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए।
जारी आदेश के अनुसार, पुजारी देवीलाल के खिलाफ राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं स्थानीय स्तर पर श्रद्धालुओं व विभागीय कर्मियों से अभद्र व्यवहार करने, दर्शन रोकने और मंदिर से बाहर निकालने जैसी शिकायतें मिली थीं। इसके अलावा, विभागीय अधिकारियों के प्रवास के दौरान भी निर्देशों की पालना नहीं करने तथा जारी किए गए नोटिसों का संतोषजनक जवाब न देने के चलते यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
विभाग ने पुजारी देवीलाल को तत्काल प्रभाव से गोगामेड़ी से कार्यमुक्त कर देवस्थान विभाग के मुख्यालय उदयपुर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मंदिर की सेवा-पूजा का संपूर्ण चार्ज, सामग्री एवं चाबियां अंशकालीन कथावाचक मदन लाल स्वामी को सौंपने के आदेश दिए गए हैं।