अतिथि अध्यापकों ने मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन, नियमितीकरण की मांग
फरीदाबाद। अतिथि अध्यापकों ने रविवार को भारी संख्या में एकत्रित होकर जिला प्रधान रघु वत्स के नेतृत्व में जिले के मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर नियमितीकरण की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।
अतिथि अध्यापक सर्वप्रथम भारी संख्या में राज्यमंत्री श्री राजेश नागर के भतौला स्थित निवास पर पहुंचे। उन्होंने मंत्री को माननीय न्यायालय के आदेश से अवगत कराया और अतिथि अध्यापकों को जल्द नियमित करने की मांग रखी। इसके बाद अतिथि अध्यापक मंत्री श्री विपुल गोयल के सागर सिनेमा स्थित कार्यालय पहुंचे और उनके समक्ष अपनी मांग रखी। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के वायदे को भी याद दिलाया। मंत्री विपुल गोयल ने अतिथि अध्यापकों को आश्वस्त किया कि सरकार जल्द ही उनके नियमितीकरण की दिशा में कदम उठाएगी।
अतिथि अध्यापकों ने बताया कि 25 मई को माननीय उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने अतिथि अध्यापकों को वर्ष 2014 से सभी सुविधाएं प्रदान करते हुए दो माह के भीतर नियमित करने का आदेश पारित किया था। हरियाणा सरकार द्वारा इस निर्णय को डबल बेंच में चुनौती दी गई। इसके बाद 6 अगस्त को उच्च न्यायालय की डबल बेंच ने भी एकल पीठ के निर्णय को बरकरार रखते हुए दो माह में प्रक्रिया पूरी कर अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के आदेश दिए।
न्यायालय के इस निर्णय से प्रदेशभर के अतिथि अध्यापकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है। इसी क्रम में फरीदाबाद के अतिथि अध्यापकों ने जिले के मंत्री-विधायकों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और सरकार से न्यायालय के आदेश के अनुरूप जल्द से जल्द नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विजयपाल नरवाल, ब्लॉक प्रधान सुंदर भड़ाना, भागीरथ शास्त्री, वीरेंद्र कुमार, सैलेन्द्र मिश्रा, देशराज नागर, विनोद भाटी, चन्द्र प्रकाश, मोहन सोलंकी, मनोज शास्त्री, बच्चू सिंह, कुलदीप कौशिक, सुन्दर सिंह तवतिया, सरला रानी, प्रवीण कुमारी, रेशमा शेहरा, वन्दना दहिया, सीमा मलिक सहित बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक उपस्थित रहे।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Aug 23, 2026