
भारामल मंदिर में आरती के दौरान श्रद्धालु की मौत, सीने में दर्द उठने के बाद बिगड़ी तबीयत
खटीमा: सुरई रेंज के जंगल में स्थित बाबा भारामल मंदिर में मंगलवार देर शाम आरती के दौरान एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द उठने के बाद वह नीचे गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बल्लभनगर स्थित मौर्य कॉलोनी निवासी 39 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र कुंवर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हरपाल सिंह शनिवार को अपने दोस्तों के साथ मंदिर पहुंचे थे। उनके साथी वापस लौट गए, जबकि वह मंदिर में ही रुक गए थे।
मंगलवार शाम आरती के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह गिर पड़े। मंदिर के महंत, पुजारी और अन्य लोग उन्हें पहले निजी अस्पताल ले गए। बाद में उन्हें उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हरपाल सिंह पीलीभीत न्यायालय में पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) के पद पर कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन से परिवार में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी क्रांति देवी, दो पुत्रियों धारा सोलंकी और जया सोलंकी तथा पुत्र विवेक सिंह को छोड़ गए हैं।
#खटीमा #बाबाभारामलमंदिर #भारामलमंदिर #सुरईरेंज #पीलीभीत #UttarakhandNews #KhatimaNews #PilibhitNews #BreakingNews #HeartAttack