
लापता युवक का नहीं मिला सुराग,परेशान हैं परिजन
रफीगंज प्रखंड के पचार गांव निवासी 20 वर्षीय युवक नीरज यादव के लापता होने से परिजन काफी चिंतित और परेशान हैं। युवक बीते 15 जून 2026 से घर से गायब है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, नीरज यादव पचार गांव निवासी स्वर्गीय जागेश्वर यादव के पुत्र हैं। नीरज के बड़े भाई अभिषेक कुमार ने रफीगंज थाना में आवेदन देकर बताया है कि उनके भाई की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। 15 जून की सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल पाया।
युवक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार के सदस्य लगातार उसकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। गांव के लोग भी युवक की तलाश में परिवार का सहयोग कर रहे हैं।
मामले को लेकर रफीगंज थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि युवक के लापता होने संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को नीरज यादव के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल रफीगंज थाना अथवा उनके परिवार को सूचित करें, ताकि युवक को सकुशल घर वापस लाया जा सके।