
बलिया में चल रही विकास परियोजनाओं की हकीकत जानने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह खुद मैदान में उतर गए। परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर और महावीर घाट स्थित निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खामियां मिलने पर अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को जमकर फटकार लगाई।
सबसे पहले डीएम कटहल नाला पहुंचे, जहां निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और लापरवाही देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता न हो।
इसके बाद मेडिकल बाईपास का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क की मार्किंग का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने माल्देपुर से सड़क चौड़ीकरण का चिन्हांकन शुरू करने, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा जहां नाली निर्माण और मिट्टी कटान होना है, वहां तत्काल काम शुरू कराने को कहा।
माल्देपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बीच उगी घास, झाड़ियों और सड़क किनारे फैली गंदगी देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल साफ-सफाई अभियान चलाने और सड़क को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद महावीर घाट स्थित निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का निरीक्षण करते हुए डीएम ने भवन की ऊंचाई, सरिया की गुणवत्ता और अन्य तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने बाउंड्रीवॉल का कार्य जल्द पूरा करने और जहां जरूरत हो वहां पिलर लगाकर निर्माण को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और तय मानकों के अनुसार पूरी होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी एवं आपदा विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#DmBallia #manglaprasadsingh #katthalnala #medicalbypass #Nh31 #floodshelter #Balliakhabar