
औरंगाबाद में चैतन्य देवियों की झांकी ने दिया आध्यात्मिक जागृति का संदेश।
दशहरा पर एएम कॉलेज में तीन दिवसीय आयोजन, नारी शक्ति और दैवी गुणों को अपनाने की दी गई प्रेरणा।
औरंगाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, औरंगाबाद के तत्वावधान में दशहरा के अवसर पर अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज परिसर में तीन दिवसीय चैतन्य देवियों की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई।
झांकी का शुभारंभ नगर थाना प्रभारी बबन बैठा, भाजपा के जिला प्रवक्ता जितेंद्र गुप्ता तथा ब्रह्माकुमारीज औरंगाबाद की मुख्य संचालिका राजयोगिनी सविता दीदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मनमोहक झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवंत देवी स्वरूपों के दर्शन कराए गए। झांकी ने न केवल लोगों को आकर्षित किया, बल्कि आध्यात्मिकता, पवित्रता और नारी शक्ति का संदेश भी दिया। देवी स्वरूपों के माध्यम से शांति, प्रेम, करुणा, त्याग, तपस्या और पवित्रता जैसे दैवी गुणों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में सकारात्मकता, नैतिकता और सद्भावना को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
ब्रह्माकुमारीज की मुख्य संचालिका राजयोगिनी सविता दीदी ने बताया कि संस्था राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य लोगों को आत्मिक शांति और नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करना है।
आयोजकों के अनुसार, यह झांकी नवमी तिथि तक चलेगी, जो धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के साथ लोगों को आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देगी।