
अररिया, 23 जून 2026
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) लिखित परीक्षा को लेकर बैठक, सभी अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 03/2025, 01/2026 एवं 02/2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में अपर समाहर्ता, अररिया श्री अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया सहित परीक्षा से जुड़े सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा 24 जून 2026 (बुधवार) को अररिया जिला मुख्यालय स्थित 16 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दो प्रश्न-पत्रों में होगी। प्रथम प्रश्न-पत्र की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न-पत्र की परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों प्रश्न-पत्रों की परीक्षा लगातार बैठक में सम्पन्न करायी जाएगी।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को वैध प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के बिना किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा में आवश्यक लेखन सामग्री पर्षद की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया गया कि अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 08:00 बजे निर्धारित है। फिस्किंग के बाद अभ्यर्थियों को 08:00 बजे से 09:00 बजे पूर्वाह्न तक ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जाएगा। 09:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। महिला अभ्यर्थियों की फिस्किंग के लिए पृथक कक्ष अथवा घेरायुक्त स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी केन्द्राधीक्षकों को दिया गया।
अपर समाहर्ता ने कहा कि दोनों प्रश्न-पत्रों की परीक्षा समाप्त होने से पूर्व किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए सभी केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव एवं वितरण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी, अररिया को सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, बिजली, प्रकाश, शौचालय, बेंच-डेस्क, जेनरेटर, लाउडस्पीकर, वीडियोग्राफी तथा परीक्षार्थियों के सुगम प्रवेश सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया को सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों को बंद कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
परीक्षा संचालन के समन्वय हेतु श्री चन्द्रशेखर यादव, वरीय उप समाहर्ता, अररिया को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। परीक्षा को लेकर सूचनाओं के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 06453-222309 को सक्रिय रहेगा। बैठक में बताया गया कि विधि-व्यवस्था संबंधी सम्पूर्ण प्रभार अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अररिया रहेंगे। वहीं अपर समाहर्ता श्री अनिल कुमार झा परीक्षा संचालन के वरीय प्रभार में रहेंगे।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Araria, Bihar | Jun 23, 2026