
वन्दे भारत न्यूज़ | पलवल
रिपोर्ट: प्रवीण कुमार
पत्रकारों का गुस्सा फूटा, दूसरे दिन भी गरजा आंदोलन
डीआईपीआरओ बिजेन्द्र कुमार के खिलाफ धरना जारी, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
पलवल, 14 जुलाई। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) बिजेन्द्र कुमार के खिलाफ पत्रकारों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। लघु सचिवालय परिसर में बड़ी संख्या में पत्रकार एकजुट होकर धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरने में पलवल, होडल, हथीन, फरीदाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि औरंगाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ हुए कथित अभद्र व्यवहार के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पत्रकार समाज में भारी रोष है।
धरनास्थल पर पत्रकारों ने एक स्वर में मांग की कि डीआईपीआरओ बिजेन्द्र कुमार को तत्काल निलंबित किया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक व तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
"पत्रकार एकता जिंदाबाद" और "पत्रकार सम्मान से कोई समझौता नहीं" जैसे नारों से लघु सचिवालय परिसर देर तक गूंजता रहा। पत्रकारों ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज के सम्मान और अधिकारों की है।
Hodal, Palwal | Jul 14, 2026