
बंद गोशालाएं चालू नहीं हुईं तो होगा आंदोलन: भाकियू
कोंच। भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक शुक्रवार को गल्ला मंडी में विनोद कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पंचायत में किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा के बाद संगठन ने प्रभारी तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल को 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। भाकियू ने बंद पड़ी गोशालाओं को तत्काल संचालित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा जर्जर विद्युत पोल बदलने, घरेलू बिजली कनेक्शनों की गड़बड़ियां दूर करने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सड़क, पुलिया, इंटरलॉकिंग, जल निकासी और तालाबों की सफाई कराने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में अन्ना पशुओं की समस्या के समाधान, जलभराव से प्रभावित मार्गों को दुरुस्त कराने तथा कोंच-पंचानन चौराहे से क्योलारी मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराकर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की भी मांग की गई। साथ ही ब्लॉक स्तरीय बैठकों में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने पर जोर दिया गया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष चतुर सिंह पटेल समेत संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Jul 10, 2026