केवाईसी सत्यापन में खुलासा: पति जीवित रहने के बावजूद मिल रही थी विधवा पेंशन, ₹43 हजार राशि वापस जमा
जलडेगा: प्रखंड क्षेत्र में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के केवाईसी सत्यापन के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टीनगिना पंचायत के पियोसोकरा गांव की निवासी सुषमा सुरीन के संबंध में जांच के दौरान पता चला कि उन्हें पति जीवित रहने के बावजूद विधवा पेंशन योजना का लाभ मिल रहा था। अभिलेखों के अनुसार उनका विधवा पेंशन 10 जनवरी 2021 को स्वीकृत हुआ था, जबकि 31 अगस्त 2022 से 31 मार्च 2026 तक कुल ₹43,000 की राशि उनके खाते में जमा की गई। उनका पेंशन आईडी JH-S-02558658 है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुषमा सुरीन वर्तमान में जेएसएलपीएस में एफएलसीआरपी के पद पर कार्यरत हैं। केवाईसी सत्यापन के दौरान मामला सामने आने के बाद इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई। मामला संज्ञान में आने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देश पर नाजिर रशीद के माध्यम से ₹43,000 की पूरी राशि सरकारी खाते में वापस जमा कराई गई।